सूरजपुर
ऊंचडीह व लोधीमा में विधिक जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को मिली मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 26 अप्रैल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर द्वारा ग्राम पंचायत ऊंचडीह और लोधीमा में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व प्राधिकरण की अध्यक्ष विनीता वार्नर के मार्गदर्शन तथा सचिव पायल टोपनो के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) हिमांशु पण्डा ने की। इस दौरान चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण रजवाड़े, उप सरपंच मोहित रजवाड़े और सरपंच प्रदीप सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में न्यायाधीश श्री पण्डा ने कहा कि किसी भी कानूनी लड़ाई में स्वयं को कमजोर नहीं समझना चाहिए। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 के तहत मिलने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता की जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को मुफ्त में सलाह और सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से भी मदद लेने की अपील की। उन्होंने मोटर व्हीकल एक्ट की जानकारी देते हुए ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा और हेलमेट के उपयोग को अनिवार्य बताया। साथ ही 9 मई को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के फायदे भी ग्रामीणों को बताए।
कार्यक्रम में चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल ने डिजिटल ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने अनजान लिंक, कॉल और ऐप डाउनलोड से बचने तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की सलाह दी। साथ ही नशा मुक्ति का संदेश देते हुए लोगों से समाज को नशामुक्त बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन पैरा लीगल वॉलंटियर सत्य नारायण ने किया। इस अवसर पर ग्राम के जनप्रतिनिधि, महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


