सूरजपुर

हाथी हमले में दो युवकों की मौत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने परिजनों से की मुलाकात
23-Apr-2026 12:14 AM
हाथी हमले में दो युवकों की मौत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने परिजनों से की मुलाकात

सूरजपुर, 22 अप्रैल। लटोरी तहसील के ग्राम पंचायत कल्याणपुर के कोटबहरा गांव और घाघी टिकरा में हाथी के हमले से दो युवकों की मौत के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने मंगलवार को पीडि़त परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने के लिए जल्द ही कलेक्टर से मिलने का भरोसा दिया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम कोटबहरा निवासी केशव भोई (पिता साधु भोई) बाइक से एक महिला सहकर्मी को उसके घर छोडऩे जा रहा था, तभी जंगल में उसका सामना हाथी से हो गया। बचने की कोशिश के बावजूद हाथी ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक में सवार महिला किसी तरह जान बचाकर भाग निकली, हालांकि वह फेंसिंग में फंसकर घायल हो गई।

इसके अगले दिन गुरुवार को उसी हाथी ने अखोराकला पंचायत के घाघी टिकरा निवासी 45 वर्षीय सोहन सिंह (पिता जगरनाथ सिंह) को भी कुचलकर मार डाला।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जिलाध्यक्ष को बताया कि पिछले डेढ़ महीने से हाथियों का दल क्षेत्र में सक्रिय है और लगातार जानमाल का नुकसान हो रहा है, लेकिन वन विभाग और प्रशासन द्वारा पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने यह भी बताया कि हाथियों की गतिविधि के दौरान शाम होते ही बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।

ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजा राशि बढ़ाने, परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने तथा गांव में वन विभाग द्वारा खोदे गए सीपीटी गड्ढों के कारण बाधित रास्तों को बहाल कराने की मांग की।

जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने आश्वासन दिया कि वे पीडि़त परिवारों और ग्रामीणों के साथ प्रतिनिधिमंडल बनाकर जल्द ही कलेक्टर एस. जयवर्धन से मुलाकात करेंगे और सभी मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कंवल बिहारी सिंह टेकाम सहित कई जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट