सूरजपुर

अधिग्रहित जमीन को लेकर बढ़ा तनाव
16-Apr-2026 8:43 PM
अधिग्रहित जमीन को लेकर बढ़ा तनाव

ग्रामीणों ने गांव की सीमा पर शुरू की रातभर पहरेदारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 16 अप्रैल। प्रतापपुर तहसील के ग्राम पंचायत मदन नगर में अधिग्रहित भूमि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। क्षेत्र में इन दिनों ग्रामीण रातभर जागकर (रतजगा) अपने गांव और जमीन की रक्षा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह इलाका एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित भूमि से जुड़ा हुआ है, जिसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है।

इस संबंध में  ‘छत्तीसगढ़’ ने प्रतापपुर एसडीएम ललिता भगत से बात करने की कोशिश की, पर उन्होंने मीटिंग में हूं, कहकर फोन काट दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा गांव में फोर्स के साथ प्रवेश करने की कोशिश की जा रही है, जबकि दो दिन पूर्व हुई बातचीत बेनतीजा रही थी। उनका आरोप है कि उन्होंने अब तक किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, बावजूद इसके दबाव बनाया जा रहा है।

 लाठी-डंडों के साथ गांव की सीमा पर तैनात ग्रामीण

स्थिति को देखते हुए ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर गांव की सीमा पर तैनात हैं और दिन-रात पहरेदारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे अपनी ‘धरती मां’ की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। ग्रामीणों ने अन्य आदिवासी समाज से भी समर्थन की अपील की है।

 धारा 9 के बाद मुआवजा और नौकरी

की प्रक्रिया जारी

जानकारी के अनुसार, उक्त भूमि अधिग्रहण मामले में प्रशासन द्वारा धारा 9 लागू किए जाने के बाद मुआवजा और नौकरी से संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि, ग्रामीण इस प्रक्रिया से असहमत नजर आ रहे हैं और पहले उचित सहमति व समाधान की मांग कर रहे हैं।

 सोशल मीडिया पर वीडियो फैला

घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें ग्रामीणों को गांव की सीमा पर पहरा देते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

 स्थिति संवेदनशील, प्रशासन की नजर

मामले को लेकर क्षेत्र में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, वहीं किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।


अन्य पोस्ट