सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,15 अप्रैल। मंगलवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन और महिलाओं के सम्मान व राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को सशक्त करने के उद्देश्य से जिले में भव्य नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े के नेतृत्व में महंगवा चौक से शिवपार्क तक विशाल महिला स्कूटी रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे शहर में नारी शक्ति का जोश और संकल्प देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारत के लोकतांत्रिक इतिहास की एक ऐतिहासिक पहल है, जिसके माध्यम से लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को केवल प्रतिनिधित्व ही नहीं, बल्कि निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को और मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि आज की नारी परिवार तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि समाज, शासन और देश निर्माण की सशक्त धुरी बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के क्षेत्र में नए अवसर मिले हैं। पंचायत से संसद तक महिलाओं की बढ़ती भागीदारी इसका प्रमाण है।
मंत्री ने यह भी कहा कि महिलाएं हमेशा से सशक्त रही हैं, लेकिन उन्हें लंबे समय तक उनके अधिकारों से वंचित रखा गया। अब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आगे बढ़ रही हैं, जिसमें पुरुष समाज का सहयोग भी सराहनीय है। उन्होंने इस कार्यक्रम को महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में एसडीएम शिवानी जायसवाल,किशोर न्याय बोर्ड की महिला कर्मी एवं ब्रह्मकुमारी संस्था की प्रतिनिधि ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढऩे से शासन अधिक समावेशी, संवेदनशील और प्रभावी बनता है, जिससे सामाजिक न्याय और समग्र विकास को नई दिशा मिलती है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखालाल रजवाड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाति सिंह, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका उपाध्यक्ष सहित स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, एनआरएलएम से जुड़ी महिलाएं एवं विभिन्न संगठनों की बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही।कार्यक्रम के माध्यम से सशक्त नारी, सशक्त भारत का संदेश पूरे जिले में प्रभावी रूप से प्रसारित किया गया।