सूरजपुर

सगाई में गए युवक की संदिग्ध मौत, दोबारा पोस्टमार्टम
14-Apr-2026 10:36 PM
सगाई में गए युवक की संदिग्ध मौत, दोबारा पोस्टमार्टम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 14 अप्रैल। जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत करतमा सेमर तालाबपारा निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों की मांग पर सोमवार को दोबारा पोस्टमार्टम (पीएम) कराया गया। यह कार्रवाई एसएसपी प्रशांत सिंह ठाकुर के निर्देश पर की गई।

जानकारी के अनुसार, सप्ताह भर पूर्व 42 वर्षीय समर साय यादव (पिता स्व. गंगाराम यादव) गांव के बरपारा में आयोजित एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 12 बजे उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में गांव के ही एक युवक द्वारा घर पहुंचाया गया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में बिलासपुर के पास उनकी मौत हो गई।

मृतक का प्रारंभिक पोस्टमार्टम अंबिकापुर में कराया गया था, जिसके बाद परिजन शव को गांव लाकर दफना चुके थे। हालांकि पीएम रिपोर्ट से असंतुष्ट परिजनों ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।

इसी के तहत जयनगर थाना प्रभारी टीआई रूपेश कुंतल एक्का एवं बीएमओ डॉ. अमित भगत के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची और शव का पुन: पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान चिकित्सकों द्वारा बिसरा जब्त कर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

परिजनों का आरोप है कि सीटी स्कैन में स्पष्ट चोट के निशान दिखाई देने के बावजूद पहले पोस्टमार्टम में इसे नजरअंदाज किया गया, जो जांच का विषय है। उन्होंने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। पुन: पोस्टमार्टम की इस कार्रवाई के दौरान डॉ. किरण एक्का, जयनगर पुलिस टीम, परिजन और ग्रामीण मौजूद रहे। मामले में अब जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट