सूरजपुर

पुरखों की जमीन पर कब्जे का आरोप, पीएम आवास बना विवाद की जड़
14-Apr-2026 10:36 PM
पुरखों की जमीन पर कब्जे का आरोप, पीएम आवास बना विवाद की जड़

सूरजपुर,14 अप्रैल। ग्राम पंचायत गांगीकोट में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। यहां एक 65 वर्षीय बुजुर्ग रतन राम अपनी ही वर्षों पुरानी कब्जे की जमीन को बचाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

बताया जा रहा है कि रतन राम पिछले 60-65 वर्षों से गांव की एक शासकीय भूमि पर काबिज है, जिसे वे अपनी पुरखौती जमीन मानते हैं। इसी जमीन पर उनका जीवन बीता, परिवार पला-बढ़ा और आज भी उनका आशियाना वहीं बसा है। लेकिन अब यही जमीन उनके लिए संघर्ष का कारण बन गई है।

वृद्ध रतन राम का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने प्रभाव और आर्थिक ताकत का इस्तेमाल करते हुए अपने नाम पर पीएम आवास योजना स्वीकृत कराकर अब उसी जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, जिस पर रतन राम का वर्षों से कब्जा है।

वृद्ध का कहना है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया, तो उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई। गाली-गलौज और मारपीट की धमकी तक दी गई, जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है।

 वृद्ध ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी योजना की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है और प्रशासनिक नियमों को ताक पर रखकर काम कराया जा रहा है। रतन राम के अनुसार पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका है और इसकी शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई गई थी। लेकिन कार्रवाई के अभाव में आरोपी का हौसला और बढ़ गया है।

 पीडि़त रतन राम ने केवल तहसील कार्यालय ही नहीं, बल्कि कलेक्टर जनदर्शन और जिला पंचायत सीईओ तक अपनी फरियाद पहुंचाई है। इसके बावजूद अब तक किसी भी स्तर पर ठोस पहल नहीं की गई है।

वृद्ध का कहना है कि आरोपित व्यक्ति की धमकियों से वह और उसका परिवार बेहद डरा हुआ है। उन्हें हर समय किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।


अन्य पोस्ट