सूरजपुर

चार महीने से नहीं मिल रहा राशन, कई बार गुहार, कार्रवाई नहीं
14-Apr-2026 10:32 PM
चार महीने से नहीं मिल रहा राशन, कई बार गुहार, कार्रवाई नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 14 अप्रैल। ग्राम पंचायत संजयनगर के 42 वर्षीय दिव्यांग गौतम शील का का परिवार बीते चार महीनों से राशन के लिए जूझ रहा है।

बचपन से ही दोनों पैरों से दिव्यांग गौतम शील का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ उनका परिवार आज भी दो वक्त की रोटी के लिए तरस रहा है। हालत इतनी दयनीय है कि उन्हें भीख मांगकर परिवार का पेट भरना पड़ रहा है।

बड़ी मुश्किलों के बाद उनका दिव्यांग श्रेणी का राशन कार्ड तो बन गया, लेकिन पिछले चार महीनों से उन्हें राशन नहीं मिला। हर बार राशन दुकान जाने पर उन्हें यही जवाब मिलता है कि उनके नाम से राशन आवंटन नहीं हुआ है।

गौतम शील ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर उन्होंने केवाईसी की प्रक्रिया भी पूरी कर ली, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कोई लाभ नहीं मिला। खाद्य विभाग सूरजपुर में आवेदन देने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने यह भी बताया कि एक वर्ष पूर्व प्रशासन द्वारा उन्हें बैटरी रिक्शा प्रदान किया गया था, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने की उम्मीद जगी थी। लेकिन महज छह महीनों में ही रिक्शा खराब हो गया और अब वह अनुपयोगी स्थिति में पड़ा है। बार-बार जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

गांव के लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए गौतम शील को राशन उपलब्ध कराना चाहिए, साथ ही उनके लिए स्थायी आजीविका की व्यवस्था भी करनी चाहिए, ताकि उनका परिवार सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सके।

जिला खाद्य अधिकारी संदीप भगत ने कहा, मामले की जानकारी मुझे नहीं मिली है। यदि ऐसा है और संबंधित व्यक्ति मेरे पास आता है, तो राशन कार्ड की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यदि कार्ड जारी है, तो उसे राशन जरूर उपलब्ध कराया जाएगा।


अन्य पोस्ट