सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 13 अप्रैल। चौकी बसदेई पुलिस ने किराना एवं रेडीमेड दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में संगठित अपराध की धारा भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में चालान हो चुके हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सोनपुर निवासी सदीक मोहम्मद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मेन रोड स्थित किराना व रेडीमेड दुकान में 11 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने पीछे का दरवाजा तोडक़र चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान से नगदी, सोने के जेवर, कपड़े, गुटखा-सिगरेट, एटीएम-क्रेडिट कार्ड सहित अन्य सामान ले गए। कुल चोरी की रकम लगभग 93 हजार रुपये आंकी गई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 238/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर ग्राम शिवप्रसादनगर के राहुल सोनवानी एवं मानसाय खरसनिहां को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार की।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सीसीटीवी डीवीआर, नगदी 11,140 रुपये, जींस, शर्ट, लोअर, शेरवानी, कोट, गुटखा-सिगरेट, एटीएम-क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड एवं दो सोने के कंगन सहित कुल 93 हजार रुपये का सामान बरामद किया।
पुलिस ने मामले में संगठित अपराध की धारा जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


