सूरजपुर

नवीन पाठ्यपुस्तकों पर पांच दिनी प्रशिक्षण
13-Apr-2026 11:05 PM
नवीन पाठ्यपुस्तकों पर पांच दिनी प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 13 अप्रैल। समग्र शिक्षा अंतर्गत मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता  कार्यक्रम के तहत नवीन पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिश्रामपुर में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा के निर्देशन में आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य वर्ष 2027 तक एफ एल एन लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों में 21वीं सदी के कौशल विकसित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान पाठ्यक्रम में किए गए नवीन बदलावों एवं आधुनिक शिक्षण विधियों पर विशेष जोर दिया गया। एनसीईआरटी एवं एससीईआरटी द्वारा विकसित नई पुस्तकों के माध्यम से रचनात्मकता, चिंतन क्षमता, सामूहिक अधिगम एवं जिम्मेदार नागरिकता के गुण विकसित करने पर बल दिया गया।

विषयवार सत्रों में हिंदी और अंग्रेजी के लिए चार-खंडीय मॉडल, थीम आधारित शिक्षण एवं गतिविधि आधारित पद्धति पर चर्चा की गई। वहीं गणित में खेल-आधारित शिक्षण तथा योग और कला के समावेश से विद्यार्थियों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया।

एपीसी (समग्र शिक्षा) शोभनाथ चौबे ने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन देते हुए शिक्षकों से समयानुकूल स्वयं को अपडेट करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण में डाइट सूरजपुर के सहायक प्राध्यापक अलेक्जेंडर टोप्पो, राजेश्वरी निराला, बुलाकी राम यादव, आशीष पांडेय, रवि कुमार, वैशाली वैष्णव एवं चंद्रकला कुशवाहा ने सत्रों को प्रभावी बनाया।

प्रशिक्षण के तहत चयनित मास्टर ट्रेनर्स अब जिले के छहों विकासखंडों में शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिससे कार्यक्रम का प्रभाव प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचेगा।

जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने अपने संदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप रुचि आधारित शिक्षण, समयपालन, विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा छात्र हित सर्वोपरि सिद्धांत पर विशेष जोर दिया। उन्होंने इसे शिक्षा की गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर डीएमसी मनोज साहू, डाइट प्राचार्य संध्या दुबे, विद्यालय प्राचार्य आशीष कुमार भट्टाचार्य, जन शिक्षक कार्तिक दुबे एवं गौरी शंकर पांडे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट