सूरजपुर

आदिवासी अधिकार व सशक्तिकरण शिविर शुरु, कांग्रेस नेताओं ने भरी हुंकार
10-Apr-2026 9:01 PM
आदिवासी अधिकार व सशक्तिकरण शिविर शुरु, कांग्रेस नेताओं ने भरी हुंकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 10 अप्रैल। जिला मुख्यालय स्थित गोंड समाज भवन में जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर एवं आदिवासी कांग्रेस के तत्वावधान में तीन दिवसीय संभागीय स्तरीय आदिवासी अधिकार एवं सशक्तिकरण शिविर का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुश्री शशि सिंह एवं आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संतोष पावले के नेतृत्व में किया गया।

शिविर में आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, जल-जंगल-जमीन के मुद्दों तथा राजनीतिक व सामाजिक सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में एआईसीसी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राहुल बल, प्रशिक्षक नरेश राठौड़ तथा आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। राहुल बल ने कार्यकर्ताओं को अधिकारों के प्रति सजग रहने और संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। वहीं जनक ध्रुव ने आदिवासी हितों के लिए कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।

शिविर में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, सरगुजा के पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव, पूर्व विधायक पारसनाथ रजवाड़े, भोला सिंह, पूर्व आयोग सदस्य अर्चना पोर्ते एवं वरिष्ठ नेत्री आशिका कुजूर सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। नेताओं ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि यह शिविर केवल आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का सशक्त अभियान है। वक्ताओं ने वर्तमान समय में आदिवासी समाज के सामने खड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की।


अन्य पोस्ट