सूरजपुर

बेलसोता नाला बना संकट का पर्याय, 15 दिन की मोहलत, फिर एनएच होगा जाम
10-Apr-2026 4:29 PM
बेलसोता नाला बना संकट का पर्याय, 15 दिन की मोहलत, फिर एनएच होगा जाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 10अप्रैल। ग्राम पंचायत कैलाशपुर और राजापुर के बीच घुनघुट्टा नदी पर स्थित बेलसोता नाला की टूटी पुलिया क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर संकट का कारण बन गई है। वर्ष 2003 में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्मित यह पुल 23 जुलाई 2025 को हुई भारी बारिश में बह गया, जिसके बाद से दर्जनों गांवों का शहर से संपर्क बाधित हो गया है।

गर्मी के दिनों में ग्रामीण अस्थायी रास्तों से किसी तरह आवागमन कर लेते हैं, लेकिन बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ते ही ये रास्ते पूरी तरह खत्म हो जाते हैं। ऐसे में करीब एक दर्जन गांव टापू में तब्दील हो जाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

पुल के अभाव का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। कैलाशपुर हाई स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं बरसात में स्कूल नहीं जा पाते, जिससे कई बच्चे पढ़ाई छोडऩे की कगार पर पहुंच गए हैं। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।

इस समस्या को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा को ज्ञापन सौंपकर जल्द नए पुल निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर कोई ठोस पहल नहीं की गई, तो ग्राम पंचायत तेलईकछार के केनापारा में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 को जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान किसान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष विमलेश दत्त तिवारी, जिला महामंत्री संजय डोसी, संयुक्त जिला महामंत्री वेद प्रकाश मिश्र, लिली राजवाड़े, जरीना सुल्ताना, मीडिया प्रभारी अविनाश साहू, निर्मल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट