सूरजपुर
सूरजपुर, 8 अप्रैल। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा से सरकारी स्कूल के व्याख्याता द्वारा अश्लील बातें और छेडख़ानी करने का मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों को जब मामले की जानकारी लगी तो थाने पहुंच व्याख्याता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
भटगांव पुलिस आरोपित शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
छात्रा के परिजन के मुताबिक हरकेश जायसवाल नाम का शिक्षक आए दिन उसकी बेटी को परेशान करता है। पूर्व में भी कई छात्राओं के साथ वह ऐसा कर चुका है। मामले की जानकारी शिक्षा विभाग को लगने के बाद तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच के आदेश जिला शिक्षा अधिकारी ने दिया है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद आरोपित व्याख्याता फरार हो गया है। भटगांव थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है, जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


