सूरजपुर
सूरजपुर, 8 अप्रैल। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की बंद पड़ी ओसीएम खदानों से राखड़ (फ्लाई ऐश) की चोरी का मामला लगातार सामने आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद इस अवैध गतिविधि पर रोक नहीं लग पा रही है, जिससे प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पहले यह कार्य रात के अंधेरे में होता था, लेकिन अब दिनदहाड़े भी राखड़ निकाली जा रही है। इससे मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, खदानों के गड्ढों को भरने के लिए एनटीपीसी के विभिन्न प्लांटों से राखड़ लाकर डंप की गई थी, जिसे अब चोरी कर निर्माण कार्यों में उपयोग किया जा रहा है।
आरोप है कि रात में मशीनों से राखड़ निकालकर साइडिंग में जमा की जाती है और दिन में हाइवा के माध्यम से उसे ओवरब्रिज निर्माण में खपाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज में इसके प्रमाण होने का दावा भी किया है।
इधर, जिला कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री मेहताब आलम जूनियर ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि रोक नहीं लगी तो कांग्रेस जल्द आंदोलन करेगी।