सूरजपुर

अवैध प्लॉटिंग कर भूमि की खरीद-फरोख्त, पीएमओ में शिकायत
07-Apr-2026 11:51 PM
अवैध प्लॉटिंग कर भूमि की खरीद-फरोख्त, पीएमओ में शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,7 अप्रैल। कोयलांचल बिश्रामपुर सहित आसपास इलाके में लंबे समय से चल रहे अवैध प्लॉटिंग कर भूमि की खरीद-फरोख्त किए जाने मामले की शिकायत भाजपा शिवनंदनपुर मंडल महामंत्री शितिकांत स्वाई ने प्रधानमंत्री कार्यालय में कर संबंधित भू माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर निवासी रतन लाल अग्रवाल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नियमों को दरकिनार कर जमीन की अवैध प्लॉटिंग की जा रही है। बताया गया है कि ग्राम पंचायत केशवनगर के खसरा नंबर 1415 एवं 1415/1, जो सेटलमेंट में शासकीय भूमि दर्ज है, उसे बिना कलेक्टर की अनुमति के छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बेचा जा रहा है।

इसी तरह ग्राम पंचायत कुंजनगर के खसरा नंबर 1316 में भी भूमि को आवासीय प्लॉट के रूप में विभाजित कर बिक्री किए जाने का आरोप है। वहीं शिवनंदनपुर क्षेत्र के खसरा नंबर 232/6 के आसपास की कृषि भूमि को भी बिना डायवर्जन कराए प्लॉटिंग कर बेचे जाने की बात कही गई है।

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि इस प्रकार की गतिविधियों से राज्य शासन को भारी राजस्व हानि हो रही है, क्योंकि नियमानुसार कृषि भूमि का आवासीय उपयोग करने से पहले डायवर्जन एवं अनुमति लेना अनिवार्य है।इससे बचने के लिए भू माफिया जमीन के क्रेता विक्रेता कृषि भूमि को बिना ब्यपवर्तन कराए बेच रहे हैं।

साथ ही छत्तीसगढ़ ग्राम पंचायत कॉलोनाइजर एक्ट 1999 के प्रावधानों का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया गया है। नियमों के अनुसार कॉलोनाइजर का पंजीयन, बैंक गारंटी, संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र एवं 15 प्रतिशत भूमि आरक्षित रखना आवश्यक होता है, जिसका पालन नहीं किया जा रहा है।

शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट