सूरजपुर

सूरजपुर-मध्यप्रदेश पुलिस की बॉर्डर मीटिंग, अपराध नियंत्रण के लिए बनी संयुक्त रणनीति
07-Apr-2026 4:52 PM
सूरजपुर-मध्यप्रदेश पुलिस की बॉर्डर मीटिंग, अपराध नियंत्रण के लिए बनी संयुक्त रणनीति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 7 अप्रैल। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की है। सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा तथा डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर यह पहल की गई।

निर्देशों के पालन में सूरजपुर जिले के थाना चांदनी और मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के थाना बैढऩ पुलिस के बीच रविवार, 05 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली बैढऩ में बॉर्डर मीटिंग आयोजित हुई। करीब तीन घंटे चली इस बैठक में अंतरराज्यीय अपराधियों की धरपकड़ के लिए संयुक्त अभियान चलाने पर सहमति बनी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि किसी भी अपराध की स्थिति में सीमावर्ती क्षेत्रों में सख्त नाकाबंदी की जाएगी और आदतन अपराधियों की जानकारी आपस में साझा की जाएगी। इसके लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर त्वरित सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

इसके अलावा, सीमावर्ती इलाकों में नियमित गश्त बढ़ाने, अवैध सामग्री के परिवहन, पशु तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार की गई।

बैठक में थाना प्रभारी चांदनी राम प्रताप साहू, थाना बैढऩ के एसआई विनोद सिंह सहित दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट