सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 4 अप्रैल। सूरजपुर जिले के दूरस्थ विकासखंड ओडग़ी अंतर्गत ग्राम नवाटोला (चांदनी बिहारपुर) स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप-स्वास्थ्य केंद्र) में लापरवाही का मामला सामने आया है।
कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू ने शनिवार को केंद्र का निरीक्षण किया, जहां कार्यालय समय में ही मुख्य द्वार पर ताला लगा मिला।
बताया गया है कि इस स्वास्थ्य केंद्र के बंद रहने की शिकायतें ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से की जा रही थीं। शिकायतों की पुष्टि के लिए अविनाश साहू स्वयं मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान केंद्र बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे ग्रामीणों के साथ अन्याय बताया।
मौके से ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) सूरजपुर एवं ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) ओडग़ी को फोन कर स्थिति से अवगत कराया और जिम्मेदारों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। साहू ने कहा कि वनांचल क्षेत्र के लोगों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि सख्त कदम उठाने की जरूरत है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस मामले में लीपापोती की गई तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।