सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 3 अप्रैल। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों द्वारा हाइड्रोसील, बवासीर, भगंदर एवं अन्य गुप्त रोगों के ‘शर्तिया इलाज’ का दावा कर ग्रामीणों से मोटी रकम वसूले जाने के आरोप सामने आए हैं। इन कथित क्लिनिकों के संचालन को लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
इस मामले में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित भगत ने बताया कि इस संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सीएमओ से चर्चा कर जल्द ही ऐसे अवैध क्लिनिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में भी ऐसे मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।
जानकारी के अनुसार ‘चांदसी दवाखाना’ सहित विभिन्न नामों से संचालित क्लिनिकों में बिना मान्यता प्राप्त डिग्री और आवश्यक दस्तावेजों के उपचार किया जा रहा है। आरोप है कि संचालक आयुर्वेदिक उपचार का नाम लेकर प्रशासनिक कार्रवाई से बचने का प्रयास करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा जांच अभियान चलाए जाने पर ये क्लिनिक संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो जाते हैं और कार्रवाई शांत होते ही पुन: सक्रिय हो जाते हैं। साथ ही, गांव-गांव में एजेंट नियुक्त कर मरीज लाने पर कमीशन देने की भी बात सामने आई है। प्रचार के लिए बांटे जा रहे पंपलेट्स में ‘गारंटीड इलाज’ का दावा किया जा रहा है।
जागरूकता की कमी का फायदा
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के चलते लोग इन झोलाछाप चिकित्सकों के झांसे में आकर आर्थिक और स्वास्थ्य दोनों प्रकार से नुकसान उठा रहे हैं, जबकि सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क इलाज और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध है।
स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग से अवैध क्लिनिकों पर प्रभावी कार्रवाई कर ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने की मांग की है।