सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,2 अप्रैल। जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर की अध्यक्ष शशि सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर बोलते हुए इसे जनता के खिलाफ आर्थिक सर्जिकल स्ट्राइक बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों, आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश आज महंगाई के दलदल में फंस गया है।
शशि सिंह ने कहा कि सरकार ने गैस सिलेंडर के दामों में लगातार वृद्धि कर आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में हाल ही में 195 रुपये की वृद्धि की गई है, वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में भी 62 रुपये की बढ़ोतरी कर मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग पहले 400 रुपये के गैस सिलेंडर पर विरोध करते थे, वे आज 1000 रुपये पार कीमतों पर चुप क्यों हैं।
उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि एक्साइज ड्यूटी घटाने का केवल दिखावा किया गया, जबकि वास्तविकता में अलग-अलग राज्यों में कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। नायरा पेट्रोल पंपों पर भी 4 रुपये तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है। एविएशन फ्यूल के महंगे होने से हवाई यात्रा भी आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है।