सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 1 अप्रैल। सूरजपुर जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बुधवार को 9 नई 108 एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये एम्बुलेंस जिले एवं विकासखंड स्तर पर तैनात कर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
नई एम्बुलेंस में एडवांस लाइफ सपोर्ट और बेसिक लाइफ सपोर्ट दोनों सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रत्येक एम्बुलेंस में बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सहित प्राथमिक एवं आपातकालीन उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे मरीजों को घटनास्थल पर ही त्वरित उपचार मिल सके और जरूरत पडऩे पर समय पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जा सके।
शासन द्वारा 108 एम्बुलेंस सेवा के लिए समय सीमा निर्धारित की गई है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। नई एम्बुलेंसों के शामिल होने से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी।
इस अवसर पर भीमसेन अग्रवाल, मुरली मनोहर सोनी, शशीकांत गर्ग, शसंदीप अग्रवाल, राजेश्वर तिवारी, रितेश गुप्ता, कपिल देव पैकरा आदि उपस्थित रहे।


