सूरजपुर

4 माह के बेटे को पटक मारा, मां गिरफ्तार
01-Apr-2026 10:41 PM
4 माह के बेटे को पटक मारा, मां गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,1 अप्रैल। चार माह के मासूम की हत्या में  सलका उमेश्वरपुर पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला चिकित्सालय के सुरक्षा गार्ड चंदलाल द्वारा 25 मार्च को 4 माह के शिशु हंसराज (पिता सूनसाय प्रजापति, निवासी ग्राम जयपुर) की मृत्यु के संबंध में अस्पताल से मेमो प्रस्तुत किया गया था। प्रारंभ में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और मामला जांच के लिए चौकी सलका उमेश्वरपुर भेजा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए  एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने विस्तृत जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर घटना की पुष्टि हुई।

जांच में सामने आया कि 25 मार्च की सुबह आरोपी मां बृन्दावती अपने 4 माह के पुत्र को गोद में लिए हुई थी। बच्चे के लगातार रोने पर वह क्रोधित हो गई और उसे जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने के बाद बच्चे को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट को मृत्यु का कारण बताया गया है। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 39/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

विवेचना के दौरान आरोपी बृन्दावती  निवासी ग्राम जयपुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।


अन्य पोस्ट