सूरजपुर

ढ़ोढ़ा केसरा-डांड केसरा मार्ग को मंजूरी, खुशी की लहर
31-Mar-2026 11:01 PM
ढ़ोढ़ा केसरा-डांड केसरा मार्ग को मंजूरी, खुशी की लहर

लखनपुर, 31 मार्च। सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के सुदूर वनांचल क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित सडक़ निर्माण की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। ढ़ोढ़ा केसरा से डांड केसरा तक लगभग 7.10 किलोमीटर लंबी पक्की सडक़ निर्माण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 64 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय विधायक प्रबोध मिंज द्वारा पूर्व में किए गए वादे को निभाते हुए इस महत्वपूर्ण सडक़ निर्माण कार्य को मंजूरी दिलाई गई है। विधायक बनने के बाद से ही उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। विशेषकर भाजपा मंडल कुन्नी के अंतर्गत आने वाले इस वनांचल क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले पहुंचविहीन माना जाता था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इस सडक़ के निर्माण से न केवल गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी मूलभूत सुविधाओं तक पहुंच आसान हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि यह मार्ग आगे चलकर सीतापुर और रायगढ़ जैसे प्रमुख शहरों से भी जुड़ेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी। वर्तमान में क्षेत्र की कई प्रमुख सडक़ों की स्वीकृति मिल चुकी है और कई निर्माण कार्य प्रारंभ भी हो चुके हैं।

सडक़ निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक प्रबोध मिंज के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि कम समय में जिस तरह से क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं, वह सराहनीय है और इससे पूरे इलाके में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।


अन्य पोस्ट