सूरजपुर

शिविरों में 189 लोगों को स्वास्थ्य लाभ
31-Mar-2026 10:55 PM
शिविरों में 189 लोगों को स्वास्थ्य लाभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 31 मार्च। खदान प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से केंद्रीय चिकित्सालय बिश्रामपुर द्वारा तीन दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह के निर्देशन में किया गया।

तीन दिनों तक अलग-अलग गांवों में आयोजित इन शिविरों में कुल 189 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकता अनुसार नि:शुल्क दवाइयां एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।

28 मार्च को केतकी भूमिगत खदान क्षेत्र के ग्राम जोबगा में आयोजित शिविर में 61 ग्रामीणों की जांच की गई।

30 मार्च को खदान प्रभावित ग्राम लाछा में लगाए गए शिविर में 63 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं। वहीं 31 मार्च को ग्राम केतका में आयोजित शिविर में 65 लोगों का उपचार किया गया।

शिविरों में रक्तचाप, श्वसन संबंधी समस्याएं, सामान्य बुखार, कमजोरी, त्वचा रोग सहित विभिन्न बीमारियों की जांच कर उचित परामर्श दिया गया।

इस दौरान केंद्रीय चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. निरंजन कुमार के नेतृत्व में डॉ. श्रीता लाल, डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. भावदीप सोढ़ी, डॉ. वीर भारत एवं डॉ. संगीता सहित चिकित्सा टीम ने अलग-अलग दिनों में अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, संतुलित आहार लेने एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़ी बीमारियों का कारण बन सकती हैं।

क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि यह पहल केवल स्वास्थ्य सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का एक सशक्त उदाहरण है।


अन्य पोस्ट