सूरजपुर

फर्जी नौकरी जांच के दौरान सर्विस रिकॉर्ड से दस्तावेज गायब!
30-Mar-2026 10:40 PM
फर्जी नौकरी जांच के दौरान सर्विस रिकॉर्ड से दस्तावेज गायब!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 30 मार्च। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के बलरामपुर खदान में पदस्थ मैकेनिकल फिटर विनोद कुमार (एनआईएस क्रमांक 22668131) से जुड़े कथित फर्जी नौकरी मामले में जांच के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब मिलने से नया विवाद खड़ा हो गया है। मामले में प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में जब प्रबंधन द्वारा मामले की जांच शुरू की गई तो विनोद कुमार के सर्विस रिकॉर्ड में उस भूमि से संबंधित दस्तावेज ही नहीं मिले, जिसके आधार पर उसकी नौकरी लगने की बात कही जा रही थी। बताया जा रहा है कि जांच टीम ने उसे क्लीन चिट दे दी है, जबकि 31 मार्च को वह सेवानिवृत्त भी हो रहे है।

गौरतलब है कि करीब एक वर्ष पूर्व इस मामले में शिकायत मिलने के बाद प्रबंधन ने विनोद कुमार को चार्जशीट जारी की थी। उस पर कंपनी में फर्जी तरीके से नौकरी हासिल करने के आरोप लगाए गए थे। बाद में बीएमएस ने इस मामले को केंद्रीय श्रमायुक्त, बिलासपुर के समक्ष औद्योगिक विवाद के रूप में प्रस्तुत किया, जिस पर प्रबंधन अपना जवाब दे चुका है।

शिकायतकर्ता श्याम सिंह (पति स्व. नर्मदा सिंह), निवासी सत्यनगर जुनापारा भैयाथान ने पुलिस में दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पति की मृत्यु के बाद भूमि दस्तावेजों की जांच में खसरा नंबर 1166/2 एवं 1256, रकबा 0.202 हेक्टेयर जमीन सामने आई, जिस पर विनोद कुमार द्वारा कथित रूप से फर्जी दावा किया गया।

इसी तरह सुनीता सिंह (पति प्रदीप सिंह) ने भी एसईसीएल प्रबंधन को शिकायत दी थी। प्रबंधन ने 2 नवंबर 2024 को जारी पत्र (क्रमांक 617) में बताया था कि विनोद कुमार के खिलाफ कंपनी के प्रमाणित स्थायी आदेश की धारा 26(1), 26(9) एवं 26(22) के तहत आरोप पत्र जारी किया गया है। इन धाराओं में धोखाधड़ी, गलत जानकारी देकर नौकरी प्राप्त करना और कंपनी हितों को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप शामिल हैं।

मामले की जांच के लिए गठित समिति में अरविंद विकास उरांव (प्रबंधक खनन) को जांच अधिकारी तथा किशोर कुणाल (प्रबंधक विद्युत यांत्रिकी) को प्रबंधन प्रतिनिधि बनाया गया था।

पीडि़त पक्ष का आरोप है कि विनोद कुमार के शीघ्र सेवानिवृत्त होने को देखते हुए प्रबंधन द्वारा जांच को जानबूझकर लंबित रखा गया, ताकि उसे सेवानिवृत्ति लाभ मिल सके। वहीं, अब सर्विस रिकॉर्ड से दस्तावेजों के गायब होने से पूरे मामले की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़’ ने कुमदा सह प्रबंधक अश्विनी चंद्रा से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया जिससे उनसे बात नहीं हो सकी।

बताया जा रहा है कि समाचार प्रकाशन के बाद सब एरिया मैनेजर चंद्रा स्वयं इस प्रकरण की निगरानी कर रहे थे। इधर, पीडि़त पक्ष ने मामले को लेकर उच्च न्यायालय जाने की तैयारी शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट