सूरजपुर

हनुमान जन्मोत्सव पर कोयलांचल में श्रीराम टॉवर की होगी स्थापना
30-Mar-2026 10:36 PM
हनुमान जन्मोत्सव पर कोयलांचल में श्रीराम टॉवर की होगी स्थापना

सूरजपुर, 30 मार्च। चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर दक्षिणमुखी श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर शिवनंदनपुर में प्रति वर्ष की तरह इस बार भी श्री हनुमान जन्मोत्सव को लेकर आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साथ ही बिश्रामपुर महाप्रबंधक कार्यालय के पास स्थित हनुमान मंदिर परिसर में श्रीराम टॉवर एवं धर्मध्वजा स्थापना समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

मंदिर समिति और सर्व हिन्दू समाज बिश्रामपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय धार्मिक आयोजन की शुरुआत दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में 1 अप्रैल बुधवार को सुबह 9 बजे से अखंड रामायण पाठ के साथ होगी। दिनभर मंदिर परिसर में रामायण के भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय रहेगा। अगले दिन 2 अप्रैल गुरुवार को सुबह 8 बजे से विशेष पूजन, सहस्त्राचन एवं अभिषेक का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न होगा और अखंड रामायण पाठ का विधिवत समापन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे से विशाल अखंड भंडारे की शुरुआत होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इसी दिन शहर के अम्बेडकर चौक के पास स्थित हनुमान मंदिर में भी हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में दोपहर 12 से 2 बजे तक पूजा-अर्चना, दोपहर 3 से 4 बजे तक सुंदरकाण्ड पाठ तथा शाम 5 से 6 बजे तक सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम 4.30 बजे से विशाल भंडारा प्रारंभ होगा।

 इस पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण महाप्रबंधक कार्यालय बिश्रामपुर के समीप स्थापित हो रहे श्रीराम टावर जिससे सुबह शाम हनुमान चालीसा का पाठ कोयलांचल के लोग श्रवण करेंगे।  टावर में  धर्मध्वजा की  स्थापना होगी।बजरंग दल दुर्गा वाहिनी  ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालु भक्तजनों से अपील की है कि वे सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन के सहभागी बने।


अन्य पोस्ट