सूरजपुर

बर्ड फ्लू को लेकर सूरजपुर अलर्ट, निगरानी तंत्र सक्रिय
30-Mar-2026 10:36 PM
 बर्ड फ्लू को लेकर सूरजपुर अलर्ट, निगरानी तंत्र सक्रिय

सूरजपुर, 30 मार्च। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) की पुष्टि के बाद सूरजपुर जिला प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं। हालांकि जिले में अब तक इस बीमारी का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर व्यापक निगरानी व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

विभागीय जानकारी के अनुसार, एवियन इन्फ्लुएंजा मुख्यत: अधिक घनत्व वाले कुक्कुट फार्म, जंगली प्रवासी पक्षियों और घरेलू पक्षियों के माध्यम से फैलता है। संभावित खतरे को देखते हुए जिला स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीम गठित की गई है, वहीं विकासखंड स्तर पर भी निगरानी दल तैनात किए गए हैं।

प्रशासन ने वन विभाग, पंचायतों और नगरीय निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

पशु चिकित्सा विभाग, सूरजपुर ने आमजनों से अपील की है कि यदि कहीं पक्षियों की असामान्य या बड़ी संख्या में मृत्यु दिखाई दे, तो घबराएं नहीं बल्कि तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र में सूचना दें।

इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 8223982624 पर प्रभारी अधिकारी डॉ. विशाल प्रसाद को भी सूचित किया जा सकता है।

विभाग का कहना है कि समय पर सूचना और सतर्कता ही इस बीमारी के प्रसार को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।


अन्य पोस्ट