सूरजपुर
प्रदेश स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती में शामिल हुए सीएम, साहू समाज को गौरवशाली और विकास में अग्रणी बताया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 29 मार्च। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में नक्सलवाद सबसे बड़ी बाधा रहा है। बस्तर क्षेत्र, जो केरल से भी बड़ा भू-भाग है, दशकों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प तथा सुरक्षा बलों के प्रयासों से अब नक्सलवाद समाप्ति की ओर है। 400 से अधिक गांवों को मुख्यधारा से जोड़ा जा चुका है, जहां अब सडक़, बिजली, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं विकसित हो रही हैं।
रविवार को प्रदेश स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साहू समाज को गौरवशाली और विकास में अग्रणी बताया। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा, माता राजिम दाई और दानवीर भामाशाह जैसी महान विभूतियाँ इसी समाज की देन हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि होली से पूर्व 25 लाख 24 हजार किसानों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि का भुगतान किया गया। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक माताओं को 16 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दी जा चुकी है, वहीं 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम जाकर दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्गों को देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा रही है, जिसका लाभ अब तक 5 हजार से अधिक लोगों को मिला है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, उर्वर भूमि और मेहनतकश लोगों से समृद्ध प्रदेश है। ‘छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा’ की भावना के साथ सभी को मिलकर प्रदेश को देश में अग्रणी बनाना है, जिसमें साहू समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और ऊर्जा संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत बेहतर समन्वय के चलते मजबूत स्थिति में है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने साहू समाज के लिए छात्रावास/सामाजिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये तथा भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि साहू समाज की गौरवशाली परंपरा को गर्व के साथ आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने समाज के विकास के लिए शिक्षा, संगठन और अनुशासन को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक भूलन सिंह मरावी, बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े, वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साहू समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। साथ ही संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी सरगुजा दीपक झा, कलेक्टर एस. जयवर्धन, एसपी प्रशांत ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।


