सूरजपुर

पत्नी की हत्या कर खुद ही रिपोर्ट दर्ज कराने वाला पति निकला आरोपी
29-Mar-2026 10:07 PM
पत्नी की हत्या कर खुद ही रिपोर्ट दर्ज कराने वाला पति निकला आरोपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 29 मार्च। जिले के सलका-उमेश्वरपुर चौकी क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी की हत्या कर खुद ही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने वाला पति ही आरोपी निकला। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम तारकेश्वरपुर निवासी अलमा प्रजापति ने 4 मार्च को चौकी सलका-उमेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मार्च को वह अपने पड़ोसी के साथ सामान लेने खडग़वां-रतनपुर गया था और घर पर उसकी पत्नी लीलावती अकेली थी। रात में वापस लौटने पर उसने पत्नी को पलंग के नीचे मुंह के बल लेटा पाया। उसने सोचा कि वह शराब के नशे में है, इसलिए उसे नहीं उठाया। अगले दिन सुबह उठाने पर उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

मामले में अज्ञात कारणों से मृत्यु की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अलमा प्रजापति का अन्य महिलाओं से बातचीत को लेकर पत्नी से अक्सर विवाद होता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा और मारपीट होती थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर पुलिस ने  धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।  एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर आरोपी की तलाश तेज की गई।  पुलिस ने संदेह के आधार पर अलमा प्रजापति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि 3 मार्च की रात घर लौटने पर पत्नी ने उसके चरित्र पर संदेह करते हुए विवाद किया, जिससे आक्रोशित होकर उसने हाथ-पैर, प्लास्टिक पाइप और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में बचने के लिए उसने झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और पाइप जब्त कर लिया है। आरोपी अलमा प्रजापति (54 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया गया है कि आरोपी क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर भी है।


अन्य पोस्ट