सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 29 मार्च। जिले के थाना चांदनी क्षेत्र में नकली सोना दे कर लाखों की ठगी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम का हिस्सा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम दर्रीपारा (थाना झिलमिली) निवासी बालरूप गुप्ता ने 16 मार्च को थाना चांदनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि होली से 4-5 दिन पहले ग्राम पपराखांड सावारांवा निवासी सोनू ने उसे सूचना दी कि कुछ लोग सोना बेचने के लिए संपर्क कर रहे हैं।
6 मार्च को वह सोनू के साथ बिहारपुर नवाटोला गया, जहां दो व्यक्तियों ने सोना दिखाकर उसका छोटा सैंपल दिया। सैंपल को भैयाथान में जांच कराने पर वह असली निकला। इसके बाद 11 मार्च को रेडीपहरी चौक ठाडपाथर (थाना चांदनी) में सौदा तय हुआ, जहां आरोपियों ने कपड़े में लपेटकर पीतल को सोने के बिस्किट जैसा बनाकर असली बताकर 2 लाख 20 हजार रुपये में दे दिया।
बाद में ठगी का एहसास होने पर प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर एसडीओपी ओडग़ी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले कमीशन के लालच में फंसाने वाले अर्जुन देवांगन और मोहन उर्फ सोनू को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर अन्य दो आरोपी राजेन्द्र यादव और किशोरी लाल यादव को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में चारों आरोपियों ने धोखाधड़ी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर 1 लाख 24 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन देवांगन (35 वर्ष), मोहन उर्फ सोनू (29 वर्ष), राजेन्द्र यादव (46 वर्ष) और किशोरी लाल यादव (42 वर्ष) शामिल हैं। सभी के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


