सूरजपुर

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े संग भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी मन की बात
29-Mar-2026 10:05 PM
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े संग भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी मन की बात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 29 मार्च। भाजपा शिवनंदनपुर मंडल के अंतर्गत आज बूथ क्रमांक 270, ग्राम पंचायत बीरपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के  रेडियो कार्यक्रम  ‘मन की बात ’ के 132वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। यह कार्यक्रम कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निवास कार्यालय में मंडल अध्यक्ष हरीश राजवाड़े के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरणादायी विचार साझा किए।

अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले की एक उल्लेखनीय पहल का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यहां के किसानों ने अपने खेतों में छोटे-छोटे रीचार्ज तालाब और सोखता गड्ढे बनाकर वर्षा जल संरक्षण का सराहनीय कार्य किया है। इस मॉडल को 1200 से अधिक किसान अपनाकर न केवल अपनी कृषि को सशक्त बना रहे हैं, बल्कि क्षेत्र के भूजल स्तर में भी सुधार हुआ है। यह जनभागीदारी से सकारात्मक बदलाव का उत्कृष्ट उदाहरण है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने कहा कि  ‘मन की बात ’ हम सभी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए निरंतर प्रेरित करता है। साथ ही, छत्तीसगढ़ के किसानों की इस पहल का राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेख होना प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है।


अन्य पोस्ट