सूरजपुर
सूरजपुर, 28 मार्च। जिले में पीएम श्री विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का आंकलन करने के लिए वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मैदान में उतरे। कलेक्टर,एसएसपी और वन डीएफओ ने अलग-अलग विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राज्य सरकार द्वारा जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों को राज्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सूरजपुर जिले में कलेक्टर एस. जयवर्धन, एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर एवं डीएफओ डी.पी. साहू को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर एस. जयवर्धन ने सूरजपुर विकासखंड अंतर्गत पीएम श्री विद्यालय जयनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेचुरेशन के 24 निर्धारित बिंदुओं की गहन समीक्षा करते हुए कमियों को चिन्हित किया और प्राचार्य को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इसी क्रम में एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने पीएम श्री प्राथमिक शाला राजापुर का निरीक्षण किया, जबकि डीएफओ डी.पी. साहू ने ओडग़ी विकासखंड के पीएम श्री सेजस ओडग़ी का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएमसी समग्र शिक्षा मनोज कुमार साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह, खंड स्रोत समन्वयक मनोज मंडल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित 50वीं बैठक में पीएम श्री विद्यालयों के निरीक्षण हेतु संयुक्त सचिव स्तर एवं उससे वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गठित करने के निर्देश दिए गए थे। उसी के अनुपालन में यह निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब, अटल टिंकरिंग लैब और बेहतर खेल सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण प्रदान की जा रही है।
जला प्रशासन का उद्देश्य इन विद्यालयों को आसपास के स्कूलों के लिए रोल मॉडल के रूप में विकसित करना है।


