सूरजपुर
सूरजपुर, 28 मार्च। रेलवे प्रबंधन द्वारा सडक़ उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा एवं संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से समपार फाटकों पर रोड ओवरब्रिज/रेल अंडरब्रिज का निर्माण कर वैकल्पिक सडक़ मार्ग उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने के पश्चात समपार फाटकों को चरणबद्ध रूप से बंद किया जा रहा है।
इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के अंतर्गत बिश्रामपुर करंजी स्टेशनों के मध्य कि.मी. 1016/04-05 पर स्थित मानव सहित समपार संख्या एबी-69 कुमदा रेल फाटक में सुरक्षित सडक़ यातायात हेतु रोड ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
रेलवे प्रशासन द्वारा उपरोक्त रोड ओवरब्रिज से वैकल्पिक सडक़ मार्ग उपलब्ध कराने के उपरांत उक्त समपार फाटक को 5 अप्रैल रविवार दोपहर 3 बजे से सडक़ यातायात हेतु स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है। रेलवे प्रशासन आमजनों से अपील करता है कि वे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें एवं सडक़ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।


