सूरजपुर
सूरजपुर, 27 मार्च। एनएच 43 में शराब पीकर ट्रक चलाने वाले शराबी वाहन चालक को पकड़ जयनगर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ एमवी एक्ट की कार्रवाई की है।
बताया गया कि गुरुवार को दोपहर बाद एनएच 43 में अंबिकापुर से सूरजपुर की ओर आ रही ट्रक क्रमांक सीजी 15 जीडी 9304 का चालक शराब पीकर वाहन चला रहा था। इस दौरान उसके वाहन के अनियंत्रित होने से कई राहगीर बाल-बाल बचे।
कार सवार युवक ने ट्रक चालक की स्थिति देख जयनगर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को सूरजपुर जाते जयनगर थाने के समीप रोक लिया।
पुलिस ने वाहन चालक का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिसमें उसके द्वारा शराब सेवन कर भारी वाहन चलाने की पुष्टि हुई। पुलिस उसे एमएलसी के बाद थाने में बैठाई थी, तभी वह मोबाइल को छोड़ नशे की हालत में कहीं चला गया।
पुलिस ने ट्रक और चालक के मोबाइल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एमवी एक्ट की कार्रवाई कर मामले को न्यायालय पेश किया है।


