सूरजपुर
हिंदू युवा समिति की पहल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,27 मार्च। कुमदा कॉलोनी में आयोजित शिव महापुराण कथा के दौरान मतांतरित परिवार के सदस्यों ने घर वापसी की है। यह कार्यक्रम कथा स्थल पर विधिवत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खोड पण्डोपारा थाना पटना (जिला कोरिया) निवासी शंकर लाल अपने परिवार सहित कुछ वर्ष पूर्व ईसाई धर्म अपना चुके थे। वर्तमान में कुमदा कॉलोनी में चल रही शिव महापुराण कथा के दौरान समिति के सदस्यों ने उन्हें कथा में आमंत्रित किया। कथा श्रवण के बाद परिवार ने स्वेच्छा से सनातन धर्म में लौटने की इच्छा व्यक्त की।
इसके पश्चात कथा स्थल पर ही धार्मिक विधि-विधान के साथ परिवार से पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक कराया गया। साथ ही भगवा अंगवस्त्र और श्रीफल भेंट कर उनका स्वागत किया गया। समिति के सदस्यों ने परंपरा अनुसार परिवार के सदस्यों का पांव पखार कर उन्हें सनातन धर्म में पुन: शामिल कराया।
शिव महापुराण कथा वाचन कर रहे आचार्य भोला प्रसाद मिश्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए परिवार और समिति के सदस्यों को बधाई दी तथा धर्म जागरण के कार्य में निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया।
इस दौरान भाजयुमो जिला मंत्री मित्तल पांडेय, अभय प्रकाश सिन्हा, विनोद सिंह सहित हिंदू युवा समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि कुमदा कॉलरी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में 20 से 29 मार्च तक श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।


