सूरजपुर

गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
27-Mar-2026 9:36 AM
गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 26 मार्च। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर थाना प्रेमनगर पुलिस ने गांजा तस्करी, खरीदी-बिक्री के संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि 22 जून 2025 को मुखबिर सूचना पर ग्राम सरसताल निवासी शशिभूषण दुबे को पकडक़र उसके पास से 4 किलो 350 ग्राम गांजा (कीमत करीब 1.30 लाख रुपये) जब्त किया गया था। पूछताछ में उसने गांजा कृष्णा लाल तुरिया से खरीदना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने 11 जुलाई 2025 को कार्रवाई करते हुए मिनकेतन यादव (उड़ीसा) को गिरफ्तार किया, जबकि कृष्णा तुरिया मौके से फरार हो गया था। आगे की जांच में टिकेश यादव (रायगढ़) की संलिप्तता सामने आई, जिसे 22 सितंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया। वहीं मुख्य आरोपी कृष्णा तुरिया को 10 फरवरी 2026 को पकड़ा गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओमप्रकाश बसोर और मोतीलाल बसोर के साथ मिलकर उड़ीसा से गांजा लाकर क्षेत्र में सप्लाई करते थे। इससे पहले जयनगर पुलिस द्वारा दोनों के कब्जे से 80 किलो गांजा (कीमत लगभग 24 लाख रुपये) जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है।

ताजा कार्रवाई में 24 और 25 मार्च को पुलिस ने विश्राम राजवाड़े और अघनु अगरिया को गिरफ्तार किया, जिन्होंने गांजा की अवैध खरीदी-बिक्री में शामिल होने की बात कबूल की है।

अब तक की कार्रवाई में कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ एक बोलेरो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस उड़ीसा से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रेमनगर सहित पुलिस टीम की भूमिका अहम रही।


अन्य पोस्ट