सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 24 मार्च। जिला चिकित्सालय सूरजपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। एमबीबीएस एवं एमडी (रेडियोलॉजी) योग्यता प्राप्त डॉ. विधि भारद्वाज की रेडियोलॉजिस्ट के पद पर पदस्थापना की गई है।
डॉ. भारद्वाज के कार्यभार संभालने से अब जिले के मरीजों, विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आर्थिक रूप से भी मरीजों को राहत मिलेगी। अब तक इस सुविधा के अभाव में लोगों को निजी केंद्रों या अन्य जिलों का रुख करना पड़ता था।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, रेडियोलॉजी सेवाएं जिला चिकित्सालय के कक्ष क्रमांक 34 में शुरू कर दी गई हैं। यहां सोनोग्राफी के साथ अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे मरीजों को एक ही स्थान पर समुचित चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने वाला कदम बताया है।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से मरीजों को बेहतर उपचार और जांच सुविधाएं मिलेंगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।