सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 24 मार्च। नगर पंचायत प्रतापपुर में इन दिनों चल रहा एक निर्माण कार्य लोगों के बीच चिंता का विषय बन गया है। वार्ड क्रमांक 7 में एसडीएम बंगले के समीप, मंडी और नर्सरी रोड से लगे मुख्य प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग पर आंबेडकर चौक का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। हालांकि यह कार्य पहली नजर में विकास का प्रतीक लगता है, लेकिन जमीनी स्थिति संभावित खतरे की ओर इशारा कर रही है।
जिस स्थान पर चौक का निर्माण हो रहा है, वह पहले से ही शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग माना जाता है। इसी रास्ते से सिविल कोर्ट, नर्सरी, एकलव्य आवासीय विद्यालय सहित कई शासकीय और निजी संस्थानों तक लोगों की आवाजाही होती है। दिनभर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भारी आवाजाही बनी रहती है, वहीं सुबह और दोपहर के समय स्कूली बच्चों और अभिभावकों की भीड़ इसे और अधिक संवेदनशील बना देती है।
ऐसे में सडक़ किनारे स्थायी निर्माण से मार्ग के संकरा होने की आशंका है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सडक़ पहले ही जाम और अव्यवस्था की समस्या से जूझ रही है। यदि बिना समुचित योजना के यह निर्माण किया गया, तो आने वाले समय में यह क्षेत्र हादसों का केंद्र बन सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या नगर पंचायत ने इस निर्माण से पहले ट्रैफिक सर्वे, सुरक्षा मूल्यांकन या तकनीकी विशेषज्ञों की सलाह ली है? या फिर यह कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित है? नागरिकों का आरोप है कि इस तरह के महत्वपूर्ण फैसलों में आम जनता की राय को नजरअंदाज किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण शुरू होने से पहले न तो कोई सार्वजनिक सूचना जारी की गई और न ही इसके संभावित प्रभावों पर चर्चा की गई। अब जब कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब इसके दुष्परिणाम स्पष्ट होने लगे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि व्यस्त मार्गों पर किसी भी स्थायी ढांचे का निर्माण करते समय सडक़ की चौड़ाई, ट्रैफिक दबाव और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी होता है। इन पहलुओं की अनदेखी गंभीर हादसों को आमंत्रित कर सकती है।
इस पूरे मामले ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह निर्माण वास्तव में जनहित में है या फिर बिना दूरदर्शिता के लिया गया निर्णय? यदि समय रहते इस पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो यह चौक सुविधा के बजाय खतरे का कारण बन सकता है।