सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 23 मार्च। नगर पंचायत प्रतापपुर इन दिनों अव्यवस्था और गंभीर आरोपों के कारण सुर्खियों में है। नगर के प्रमुख बस स्टैंड क्षेत्र में फैली गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वहीं प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बस स्टैंड की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। नालियां लंबे समय से साफ नहीं होने के कारण उनमें कचरा और गंदा पानी जमा है, जिससे तेज दुर्गंध फैल रही है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों और दुकानदारों का वहां ठहरना मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर खुली नालियां हादसे का कारण बन सकती हैं। गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढऩे से डेंगू, मलेरिया और टायफाइड जैसी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सफाई कर्मियों की मौजूदगी केवल औपचारिकता बनकर रह गई है और जमीनी स्तर पर कोई सुधार नजर नहीं आ रहा।
इस बीच जनदर्शन में पार्षद मासूम ईराकी द्वारा की गई शिकायत ने मामले को और गंभीर बना दिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत में पदस्थ सफाई दरोगा प्रमोद चक्रधारी से उनके मूल कार्य के बजाय लेखापाल का काम कराया जा रहा है। बताया गया है कि वे चेक जारी करने सहित अन्य वित्तीय कार्यों में संलग्न हैं, जो नियमों के विपरीत है।
शिकायत में यह भी आरोप है कि पिछले पांच वर्षों में ट्रैक्टर व टिपर के लिए खरीदे गए डीजल की जांच नहीं हुई है। साथ ही प्लेसमेंट कर्मचारियों और विभिन्न फर्मों के नाम पर किए गए भुगतानों की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए गए हैं। नगर के सार्वजनिक शौचालयों और नालियों की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है।
आरोप है कि जिम्मेदार कर्मचारियों द्वारा मूल कार्यों की अनदेखी के कारण स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई है।
गौरतलब है कि जनदर्शन में शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे नगरवासियों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। पार्षद ने भी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। फिलहाल, पूरे मामले में प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है और जनता कार्रवाई का इंतजार कर रही है।