सूरजपुर

फर्जी अनुज्ञा पत्र से 15 टन लकड़ी का अवैध परिवहन पकड़ा, तीन पर केस दर्ज
22-Mar-2026 9:37 PM
फर्जी अनुज्ञा पत्र से 15 टन लकड़ी का अवैध परिवहन पकड़ा, तीन पर केस दर्ज

सूरजपुर, 22 मार्च। सूरजपुर जिले में अवैध लकड़ी कटाई व परिवहन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत प्रशासन ने बड़ा मामला पकड़ा है।

17 मार्च को रामानुजनगर में जांच के दौरान सीजी 12 बीबी 1429 नंबर के ट्रक से करीब 15 टन लकड़ी जब्त की गई। जांच में एसडीएम के हस्ताक्षर से जारी होने वाला अनुज्ञा पत्र फर्जी पाया गया। राजस्व विभाग के अनुसार चालक राजेश यादव ने एसडीएम सूरजपुर के नाम से जारी कथित अनुज्ञा पत्र (क्रमांक 1483/अ.वि.अ./2026) दिखाया, जो सत्यापन में पूरी तरह कूटरचित निकला। कार्यालय रिकॉर्ड में ऐसा कोई पत्र जारी नहीं हुआ था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लकड़ी सूरजपुर से रायपुर जिले के खरोरा स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री ले जाई जा रही थी। मामले में संग्रहण केंद्र संचालक आजम खान, बृजनारायण साहू (कैलाशपुर) और चालक राजेश यादव की संलिप्तता पाई गई है।

प्रशासन ने लकड़ी और वाहन जब्त कर थाना रामानुजनगर में सुरक्षित रखा है। तीनों आरोपियों के खिलाफ  सूरजपुर थाने में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर एस. जयवर्धन ने कहा कि अवैध परिवहन और फर्जी दस्तावेजों के उपयोग पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा निगरानी और बढ़ाई जाएगी।


अन्य पोस्ट