सूरजपुर
सूरजपुर, 21 मार्च। सूरजपुर जिले के भैयाथान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नया करकोली में धोखाधड़ी और धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। आदिवासी महिला संगीता ने पूर्व रोजगार सहायक रौशनी सिंह पर प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि हड़पने और बैंक खाते से अवैध निकासी करने का आरोप लगाया है।
कलेक्टर को सौंपे लिखित शिकायत में पीडि़ता ने उल्लेख किया है कि, आरोपी रोजगार सहायक ने केवाईसी कराने के बहाने उसके बैंक खाते से छेड़छाड़ कर आवास योजना की राशि निकाल ली। साथ ही खाते में जमा निजी रकम भी आहरित कर ली गई। महिला को इस लेन-देन की जानकारी नहीं थी।
बताया जा रहा है कि विभागीय जांच के दौरान जब आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी ली गई, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। बैंक स्टेटमेंट की जांच में कथित रूप से संदिग्ध और अनियमित लेन-देन सामने आए हैं।
शिकायत के बाद धमकी का आरोप
पीडि़त परिवार का कहना है कि थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी पक्ष उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए केस वापस लेने का दबाव बनाया। परिवार ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पीडि़त परिवार ने पुलिस और प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर उसके खाते से छल पूर्वक निकाली गई राशि वापस दिलाने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
दूसरी ओर भटगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठ रही है।