सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैयाथान, 21 मार्च। हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 एवं चैत्र नवरात्र के अवसर पर हिंदू युवा जागरण मंच के तत्वावधान में नगर में भव्य शोभा यात्रा, दीपोत्सव, भजन-संध्या, भंडारा एवं जगराते का भव्य आयोजन किया गया। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
हिंदू नववर्ष उत्सव के तहत हाई स्कूल ग्राउंड से शोभा यात्रा का शुभारंभ हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पेट्रोल पंप तक पहुंची और पुन: मुख्य चौक होते हुए वापस हाई स्कूल ग्राउंड में संपन्न हुई। मुख्य चौक पर आकर्षक आतिशबाजी और पटाखों के साथ उत्सव का उल्लास व्यक्त किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों द्वारा विधिवत आरती की गई।
शोभा यात्रा के दौरान जय श्रीराम और माता रानी के जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान रहा। आकर्षक झांकियां, भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध कलाकार संजय सुरीला ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देकर देर रात तक श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह, जनपद उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह एवं नवीन अग्रवाल ने श्रीराम की आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
आयोजन स्थल पर 11,000 दीपों से सजा भव्य दीपोत्सव एवं विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।अंत में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू ने आभार व्यक्त किया।
यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि नगर में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का भी सशक्त संदेश देने में सफल रहा।