सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 20 मार्च। नगर पंचायत प्रतापपुर में रसोई गैस वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ओर जहां उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, वहीं दूसरी ओर फर्जीवाड़े और अनियमितताओं के मामले सामने आने से व्यवस्था की पारदर्शिता पर संदेह गहरा गया है।
वार्ड क्रमांक 6 निवासी महेंद्र गुप्ता के साथ सामने आया मामला इस गड़बड़ी की गंभीरता को उजागर करता है। जानकारी के अनुसार, जब वे गैस भरवाने एजेंसी पहुंचे तो उन्हें केवाईसी अपडेट न होने का हवाला देकर लौटा दिया गया। लेकिन केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एजेंसी के रिकॉर्ड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
रिकॉर्ड के मुताबिक, उनके नाम पर 24 फरवरी को गैस सिलेंडर उठाया जा चुका है, जबकि महेंद्र गुप्ता का कहना है कि उन्होंने अंतिम बार जुलाई 2025 में गैस लिया था। इतना ही नहीं, रिकॉर्ड में दर्ज मोबाइल नंबर भी उनका नहीं था। उस नंबर पर संपर्क करने पर वह एक होटल संचालक का निकला, जिससे फर्जी तरीके से गैस उठाकर अन्यत्र खपाने की आशंका गहरा गई है।
इस संबंध में फूड इंस्पेक्टर शशि जायसवाल ने कहा, मामले की जानकारी अभी मिली है। यदि इस तरह की अनियमितता हो रही है तो यह पूरी तरह गलत है। शिकायत सही पाए जाने पर जांच कर उचित कार्रवाई के लिए प्रकरण उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।
नियमों की अनदेखी पर उठे सवाल
नियमों के अनुसार गैस वितरण के समय उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाता है, जिसके सत्यापन के बाद ही सिलेंडर दिया जाता है। ऐसे में मोबाइल नंबर बदलकर ओटीपी किसी अन्य व्यक्ति को भेजा जाना और उसी आधार पर गैस जारी होना गंभीर लापरवाही की ओर संकेत करता है।
गौरतलब है कि उपभोक्ता के कार्ड में अंतिम अपडेट जुलाई 2025 का दर्ज है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इसके बाद उन्होंने कोई गैस नहीं लिया, फिर भी रिकॉर्ड में सिलेंडर उठान दर्शाया गया है।
जबरन पाइप खरीदने का आरोप
उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर यह भी आरोप लगाया है कि गैस सिलेंडर लेने के दौरान 190 रुपये का पाइप जबरन खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पाइप नहीं लेने पर सिलेंडर देने से मना कर दिया जाता है और ‘ऊपर से आदेश’ का हवाला दिया जाता है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
गैस की किल्लत से बढ़ी परेशानी
प्रतापपुर क्षेत्र में पहले से ही गैस की भारी किल्लत बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के अंतराल पर ही सिलेंडर उपलब्ध हो पा रहा है।
वहीं, होटलों को आसानी से गैस मिलने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।