सूरजपुर
सूरजपुर, 18 मार्च। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच जारी तनाव का असर अब आम जनजीवन पर भी दिखने लगा है। शासन स्तर पर एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
ऑनलाइन बुकिंग से लेकर सिलेंडर प्राप्त करने तक लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसियों में लंबी कतारें लग रही हैं और उपभोक्ता खुद सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। कमी की आशंका के चलते कई लोग अतिरिक्त सिलेंडर जमा कर रहे हैं, जिससे संकट और गहरा गया है।
इसी बीच गैस एजेंसी संचालकों ने होम डिलीवरी सेवा भी बंद कर दी है। बताया जा रहा है कि पिछले पखवाड़े से घर-घर सिलेंडर पहुंचाने की सुविधा ठप है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। आरोप है कि एजेंसी संचालक खर्च बचाने और उपभोक्ताओं के खुद एजेंसी पहुंचने के कारण होम डिलीवरी नहीं कर रहे हैं।
वहीं, होटलों, ढाबों और गुमटियों में घरेलू गैस के दुरुपयोग को लेकर चल रही जांच भी बंद हो गई है, जिससे व्यावसायिक उपयोग में घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल फिर बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द होम डिलीवरी सेवा बहाल कराने और गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है।