सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 18 मार्च। रैंप योजना के अंतर्गत एमएसएमई उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सूरजपुर में ‘इंडस्ट्री और बैंकर्स मीट’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों और उद्यमियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। चार्टर्ड अकाउंटेंट हिमांशु अग्रवाल ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, औद्योगिक विकास नीति 2024-30 तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना ( पीएमएफएमई )के बारे में विस्तार से बताया।
वहीं, चार्टर्ड अकाउंटेंट स्वयं गोयल ने छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति तथा छत्तीसगढ़ लॉजिस्टिक्स नीति की जानकारी साझा की। जिला उद्योग संघ सूरजपुर के अध्यक्ष कलवंत गोयल ने उद्योग स्थापना में आने वाली कठिनाइयों और उनके समाधान पर चर्चा करते हुए नए उद्यमियों के सवालों का जवाब दिया।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने उद्योग विभाग की भूमिका स्पष्ट करते हुए लोगों को उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधकों ने भी हितग्राहियों से संवाद किया।
इस अवसर पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक जयसिंह राज, अवधेश कुशवाहा, आदर्श तिवारी, सुचेन्द्र जैन, पुनीत गुप्ता, डीआरपी (पीएमएफएमई) नव उद्यमी एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।