सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 15 मार्च। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के मार्गदर्शन में शनिवार को वर्ष 2026 की पहली नेशनल लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन की सफलता का श्रेय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष विनीता वार्नर को जाता है, जिनके कुशल नेतृत्व में यह आयोजन संपन्न हुआ।
यह नेशनल लोक अदालत केवल जिला एवं सत्र न्यायालय तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें कुटुंब न्यायालय, तालुका न्यायालय प्रतापपुर, बाल न्यायालय तथा जिले के सभी राजस्व न्यायालयों को भी शामिल किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाते हुए प्री-लिटिगेशन और लंबित मामलों का आपसी सहमति से निराकरण करना था। लोक अदालत में 78,893 प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया गया तथा 12 करोड़ 82 लाख 57 हजार 268 रुपये का अवार्ड पारित किया गया।
लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय के कोर्ट रूम में विनीता वार्नर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सभी न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायिक कर्मचारी तथा बैंक, नगरपालिका और विद्युत विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नेशनल लोक अदालत के दौरान एक विशेष उदाहरण भी सामने आया, जब जिला एवं सत्र न्यायाधीश की खंडपीठ में मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण का निराकरण किया गया। मामले की एक महिला पक्षकार बीमारी के कारण न्यायालय में उपस्थित नहीं हो सकीं। उनकी स्थिति को देखते हुए न्यायाधीश ने तकनीक का उपयोग करते हुए उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से न्यायालय से जोड़ा। न्यायाधीश ने महिला पक्षकार से बातचीत कर उनकी सहमति प्राप्त की, जिसके बाद मौके पर ही मामले का सफलतापूर्वक निपटारा कर दिया गया।
आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से जिले में कुल 32 खंडपीठों का गठन किया गया था।
इन खंडपीठों में सिविल वाद, मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद, वर्षों से लंबित राजीनामा योग्य आपराधिक एवं राजस्व मामले तथा बैंक लेन-देन, बिजली, टेलीफोन सेवा और जल बकाया बिल से संबंधित प्री-लिटिगेशन मामलों की सुनवाई की गई।
खंडपीठों ने दोनों पक्षों के बीच सौहार्दपूर्ण समाधान निकालते हुए हजारों मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया।
लोक अदालत में लाभान्वित पक्षकारों को संबंधित खंडपीठों द्वारा फलदार पौधे भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
इस नेशनल लोक अदालत में जिले के विभिन्न न्यायालयों से 3813 लंबित प्रकरण और 96,353 प्री-लिटिगेशन प्रकरण विचारार्थ रखे गए थे। इनमें से कुल 78,893 प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर सफलतापूर्वक निराकरण किया गया तथा 12 करोड़ 82 लाख 57 हजार 268 रुपये का अवार्ड पारित किया गया।
लोक अदालत के माध्यम से 78,893 प्रकरणों से जुड़े पक्षकार लाभान्वित हुए।