सूरजपुर
सूरजपुर, 14 मार्च। निराश्रित एवं घुमंतू गौवंश के संरक्षण और समुचित व्यवस्थापन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से सूरजपुर में सुरभि गौधाम का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जहां इस गौधाम का संचालन मां भगवती देवी गौ सेवा समिति द्वारा किया जाएगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद सूरजपुर की अध्यक्ष कुसुमलता रजवाड़े, पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, एडिशनल एसपी रितेश चौधरी, एसडीएम शिवानी जायसवाल, पशुपालन विभाग के डीडी नृपेंद्र सिंह, मां भगवती गौशाला समिति के अध्यक्ष भोला प्रसाद अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री साय ने बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रेक्षागार में आयोजित कार्यक्रम से प्रदेश में गौधाम योजना का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान सूरजपुर सहित राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 29 गौधामों का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम, छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी जुड़े।