सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 14 मार्च। घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और व्यावसायिक दुरुपयोग के खिलाफ जिले में राजस्व व खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को बडक़ापारा, सूरजपुर में अर्पित अग्रवाल और नैतिक अग्रवाल के कब्जे से अवैध रूप से रखे गए गैस सिलेंडर और उपकरण जब्त किए गए।
संयुक्त टीम ने मौके से 14.2 किलोग्राम के 13 घरेलू सिलेंडर (खाली), 19 किलोग्राम के 7 व्यावसायिक सिलेंडर (खाली), 5 किलोग्राम का 1 सिलेंडर, 1 स्टोव, 2 तौल कांटा, 2 गैस ट्रांसफर नोजल और 1 नोटपैड बरामद किया। गैस ट्रांसफर नोजल और तौल कांटे की बरामदगी से संकेत मिलता है कि यहां घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर व्यावसायिक सिलेंडरों में अवैध रूप से भरने का काम किया जा रहा था।
यह कार्रवाई द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण का विनियमन) आदेश 2000 के तहत की गई है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इसी दिन ओडगी रोड स्थित यादव होटल सहित जिले के अन्य प्रतिष्ठानों में भी कार्रवाई कर 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे। इस प्रकार एक ही दिन में जिले में 30 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और अवैध रीफिलिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।