सूरजपुर
कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,13 मार्च। सूरजपुर जिले में रसोई गैस की आपूर्ति और प्रबंधन की समीक्षा के लिए कलेक्टर एस. जयवर्धन ने बैठक ली। बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधि तथा इंडेन, एचपीसीएल और बीपीसीएल के गैस एजेंसी डीलर उपस्थित रहे।
बैठक में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, बॉटलिंग प्लांट से आपूर्ति व्यवस्था, मासिक आवक-जावक, अधिक उपभोक्ता वाले क्षेत्रों की स्थिति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा तथा इस पर सख्त निगरानी रखी जाए।
कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न करें और अवैध संग्रहण से बचें। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की सलाह दी।
बैठक में एसडीएम सूरजपुर शिवानी जायसवाल, खाद्य अधिकारी संदीप भगत, सेल्स अधिकारी रोहित कुजूर सहित संबंधित अधिकारी और गैस एजेंसी डीलर मौजूद रहे।