सूरजपुर

वित्तीय वर्ष के अंतिम माह में कोयला उत्पादन किया तेज, एक दिन में 16 हजार टन उत्पादन
11-Mar-2026 12:31 PM
वित्तीय वर्ष के अंतिम माह में कोयला उत्पादन किया तेज, एक दिन में 16 हजार टन उत्पादन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,10 मार्च। वित्तीय वर्ष के अंतिम माह में एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र में कोयला उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अमेरा और आमगांव खुली खदान परियोजनाओं के लाइनअप होने के बाद उक्त वृद्धि दर्ज की गई है। प्रबंधन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रविवार 8 मार्च को क्षेत्र ने एक दिन में अब तक का सर्वाधिक 16 हजार टन कोयला उत्पादन किया, जिससे बिश्रामपुर क्षेत्र एसईसीएल के सीआईसी फील्ड में दूसरे स्थान पर रहा।

जानकारी के अनुसार पिछले सात-आठ वर्षों से अधिग्रहित भूमि का आधिपत्य नहीं मिल पाने की समस्या के कारण क्षेत्र की रीढ़ माने जाने वाली अमेरा खदान बंद पड़ी थी। कुछ समय पहले प्रबंधन ने जिला प्रशासन के सहयोग से खदान को पुन: शुरू कराया, जिसके बाद अब यहां से तेज गति से कोयला उत्पादन हो रहा है।

वहीं आमगांव खदान में सालही गांव से उत्पादन पूरा होने के बाद पटना गांव में विस्तार होना था, लेकिन भूमि विवाद के कारण खदान लंबे समय तक बंद रही। बाद में फॉरेस्ट पैच की स्वीकृति मिलने के बाद खदान पुन: शुरू हुई और अब पटना गांव में विस्तार का कार्य चल रहा है। पटना गांव में 464 ग्रामीणों को रोजगार देने की प्रक्रिया के तहत अब तक 150 से अधिक भू-स्वामियों को नौकरी दी जा चुकी है तथा सैकड़ों करोड़ रुपये का मुआवजा भी वितरित किया जा चुका है। ग्रामीणों के सहयोग और प्रशासन-प्रबंधन के समन्वय से अब दोनों खदानों से उत्पादन तेज हो गया है।

एसईसीएल के सीआईसी फील्ड के आठ क्षेत्रों में रविवार को सोहागपुर क्षेत्र 17,500 टन उत्पादन के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि बिश्रामपुर क्षेत्र 16 हजार टन उत्पादन के साथ दूसरे स्थान पर रहा। पहले जहां क्षेत्र में प्रतिदिन केवल 3 से 4 हजार टन कोयला उत्पादन होता था, वहीं अब उत्पादन में गुणात्मक सुधार हुआ है।

कोयला उत्पादन में वृद्धि के बाद डिस्पैच बढ़ाने की दिशा में भी प्रबंधन प्रयास कर रहा है। अमेरा और आमगांव खुली खदानों के साथ ही गायत्री और केतकी भूमिगत खदानों से भी आगामी वित्तीय वर्ष में उत्पादन बढऩे की संभावना है, जिससे क्षेत्र में प्रतिदिन लगभग 20 हजार टन या उससे अधिक कोयला उत्पादन होने का अनुमान है। उत्पादन बढऩे के साथ भंडारण और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुराने जयनगर साइडिंग को लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से अपग्रेड किया जा रहा है। राइट्स द्वारा यह कार्य तेज गति से कराया जा रहा है और अप्रैल तक इसे प्रबंधन को सौंपे जाने की संभावना है।

 साइडिंग के शुरू होने के बाद क्षेत्र से कोयले का डिस्पैच भी तेज होगा।

टीम वर्क से मिली सफलता

इस संबंध में क्षेत्रीय महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि कोयला उत्पादन में वृद्धि एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन सहित शीर्ष अधिकारियों  से मिले दिशा-निर्देश और सहयोग के साथ-साथ स्थानीय अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम भावना से संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हम  और भी बेहतर करने जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट