सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 9 मार्च। क्षेत्र की खदानों से लगातार हो रही कोयला चोरी पर रोक लगाने के लिए एसईसीएल प्रबंधन द्वारा सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में महाप्रबंधक संजय सिंह के निर्देश पर त्रिपुरा बटालियन और कंपनी कर्मचारियों ने अमेरा खदान क्षेत्र में अभियान चलाया।
7 मार्च की रात प्रतिबंधित क्षेत्र में कोयला चोरी का प्रयास कर रहे लोगों की घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान तीन कोयला चोरों को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य लोग मौके से फरार हो गए। टीम ने मौके से आठ मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। पकड़े गए आरोपियों में एक अपचारी बालक भी शामिल है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम रजवार पिता अमरसाय रजवार और रवि दास पिता उलग दास, दोनों निवासी पुहपुटरा थाना लखनपुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों को लखनपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।
बताया जा रहा है कि लखनपुर क्षेत्र के कुछ प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में ग्रामीणों को आगे कर एसईसीएल बिश्रामपुर के अमेरा खदान और गायत्री खदान से रोजाना बड़ी मात्रा में कोयला चोरी कराया जा रहा है, जिससे कंपनी और शासन को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।प्रबंधन की सख्ती धरपकड़ और रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया से चोरों में खलबली भी मची हुई है लेकिन लालच में लोग मानने को तैयार नहीं हैं।


