सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 8 मार्च। थाना क्षेत्र के कुमदा स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक में चोरी के प्रयास का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बैंक की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसने और तिजोरी खोलने का प्रयास किया था।
पुलिस के अनुसार बैंक प्रबंधक धीरेंद्र मौर्य ने 5 मार्च को थाना बिश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मार्च की शाम बैंक बंद करने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने बैंक के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। इस दौरान तिजोरी का हैंडल तोड़ दिया गया और सीसीटीवी कैमरे का तार भी काट दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कुमदा कॉलोनी निवासी राजेंद्र चतुर्वेदी (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बैंक में चोरी का प्रयास करने के साथ ही पिछले दिनो कुमदा कॉलोनी स्थित नरेश कुमार बुढिय़ा के गैराज में हुई करीब एक लाख रु से अधिक की चोरी की घटना को भी अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान और घटना में प्रयुक्त औजार बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश राठौर,सहायक उपनिरीक्षक विशाल मिश्रा,गुड्डू कुशवाहा,नवीन सिंह,जेपी मिश्रा सोहर लाल,अखिलेश पांडेय,कुंदन सिंह सहित पुलिस टीम सक्रिय रही।